Showing posts with label प्रतियोगिता. Show all posts
Showing posts with label प्रतियोगिता. Show all posts

Wednesday, May 25, 2016

तकब३‬ [ तस्वीर क्या बोले प्रतियोगिता ३ ]




‪#‎तकब३‬ [ तस्वीर क्या बोले प्रतियोगिता #३ ]

मित्रो लीजिये अगली प्रतियोगिता आपके सम्मुख है. नियम निम्नलिखित है 

१. इस चित्र में है दो चित्र - दोनों में सम्बन्ध स्थापित करते हुए, कम से कम १० पंक्तियों की रचना का सृजन करे शीर्षक सहित. 
यह हिन्दी को समर्पित मंच है तो हिन्दी के शब्दों का ही प्रयोग करिए जहाँ तक संभव हो. चयन में इसे महत्व दिया जाएगा.
२. इसमें एक शर्त है हर रचनाकार को रचना के अंत में कम से कम दो पंक्तियाँ लिखनी है कि आपने रचना में उदृत भाव किस कारण या सोच से दिया है, 
३. प्रतियोगिता में आपके भाव अपने और नए होने चाहिए. 
४. प्रतियोगिता २४ मई २०१६ की रात्रि को समाप्त होगी.
५. अन्य रचनाओं को पसंद कीजिये, कोई अन्य बात न लिखी जाए, हाँ कोई शंका/प्रश्न हो तो लिखिए जिसे समाधान होते ही हटा लीजियेगा.
६.आपकी रचित रचना को कहीं सांझा न कीजिये जब तक प्रतियोगिता समाप्त न हो और उसकी विद्धिवत घोषणा न हो एवं ब्लॉग में प्रकशित न हो.
विशेष : यह समूह सभी सदस्य हेतू है और जो निर्णायक दल के सदस्य है वे भी इस प्रतियोगिता में शामिल है हाँ वे अपनी रचना को नही चुन सकते लेकिन अन्य सदस्य चुन सकते है. सभी का चयन गोपनीय ही होगा जब तक एडमिन विजेता की घोषणा न कर ले.


[ इस बार के विजेता है  - श्री गोपेश  दशोरा जी  ]

१.
मदन मोहन थपलियाल "शैल"
~किस्मत का लेखा ~

कहते हैं ज्ञानी पंडित,
सब है किस्मत का लेखा,
कौन बनाता कौन बिगाड़ता,
क्या है सच, किसने देखा .
सदियाँ बीत गईं,
अपनी उल्झन सुलझा न सके,
हैं विदूषक ज्ञान के हम,
किस्मत का लेखा मिटा न सके.
एक ओर सलीके से गुंथी बेंणी ,
नागिन सी लहराए,
खुश है बाला , भाग्य पर अपने इतराए.

दूजी के नैनों में घोर विषाद,
केशों का श्रृंगार नहीं,
एक दूजे में उलझे हैं सब,
दिखता कोई प्रतिक्रम नहीं .
एक सी उमर है दोनों की,
एक भाग्य पर इतराती इठलाती,
नृत्य कर अंगना में,
अपने जीवन को धन्य बनाती.

दूसरी वैराग्य सा कुंठित मन,
निष्प्राण सा जीवन धन,
हास परिहास नहीं दूर तलक,
आठों पहर नयनों में रुदन.
एक ओर बाला के पैरों में घुंघरू,
मन मयूर तरंगित होता है,
दूसरी ओर क्षितिज पे टिकी निगाहें,
कुछ भी स्मरण नहीं होता है.
कहीं स्वच्छंद छंद सा जीवन,
कहीं न आस जीवन की,
कहीं ताल देती ध्वनि पग की,
कहीं विस्मृत लय जीवन की.
सदियों से यों ही भ्रमित है मानव,
कहता है लेख विधाता की,
कैसे दोष दें नारायण को,
अपने कर्मों का फेर है ए,
नहीं लेख विधाता की!

टिप्पणी :
भाग्य क्या है, भाग्य कौन निर्धारित करता है, आजतक एक उलझन के सिवाय कुछ नहीं है . जैसा है सब ठीक है. .


२.
बालकृष्ण डी ध्यानी 
~नारी का मन~

पुरुष-मन रिसता
नारी का सम्मान
क्यों नहीं पढ़ पाता पुरुष
नारी का मन ...

सिर्फ देह से पहचाना
सदियों से उसकी
प्रखरता, बौद्धिकता, सुघड़ता
और कुशलता को परे रख
उसके रंग, रूप
यौवन, आकार, उभार
और ऊंचाई के आधार
पर परखा गया
नारी का मन ...

वही नारी फिर खड़ी
दहलीज पर
दिवस के मुहाने पर
खुद को संबोधित
आकर्षक लफ्जों को संग
अपनी हथेलियों में पकड़े
आज भी वह
अर्थ तलाश रही है इनके
अब भी उन अकेली रातों में
नारी का मन ...

अस्तित्व के असंख्य प्रश्न
आंदोलनों और जागरूकता बाद भी
उतना ही गंभीर और चिंताजनक
जितने सदियों पहले था
बस प्रश्नों के चेहरे बदल गए
और उनके परिधान बदल गए हैं
प्रश्नों का वो मूल स्वरूप
आज भी यथावत और अपूर्ण समाधान
नारी का मन ...

ना बलात्कार, ना अत्याचार
ना हत्याएं बंद ना हिंसा
अपहरण ना आत्महत्या कम हुई
लगातार आंकड़ें बढ़ रहे
प्रशासनिक शिथिलताएं बेबसी
और आँखें दिखा रही है
शर्मा भी नहीं पा रही है
उस बेबसी का
नारी का मन ...

सकारात्मक सोच कमी
सारी हदें पार
समाज में व्याप्त
नकारात्मकताएं कहीं ना कहीं
आकर घेर ही लेती
मुस्कुराने की तमाम कोशिशों को
भारी पड़ती
एक मासूम और मार्मिक चीख
नारी का मन ...

वह चीख
देह के छले जाने
आसमान को चीरने की ताकत रखती
पर उन तक नहीं पहुंच पाती
उसके सम्मान और सुरक्षा का
जो जिम्मेदार हैं
कदम-कदम सामाजिक बेशर्मी
मन में घुट कर रह जाती
नारी का मन ...

दिन-प्रति-दिन
चीखते प्रश्नों की बढ़ती भीड़
उत्तरों का गंतव्य सदियों से लापता
कभी-कभी लगता
बढ़ती विकृतियों का कारण
सामाजिक सोच
जो जन्म से लेकर मृत्यु तक
नियमों के खाकों में जकड़ देती
पुरुष देख-सुन नहीं पाता
स्त्री के भीतर कितना
दर्द रिसता
भावनात्मक वेदना में फंसा
नारी का मन ...

प्रसव पीड़ा कितनी सघन
देखने-महसूसने के बाद भी
मां के मन दुखा देते हैं
आत्मिक स्तर स्त्री-सम्मान
अनुभूत करने की कमी
नारी का मन ...

पुरुष इतना निर्दयी
नासमझ नहीं होता
दर्द और प्रताड़ना
फर्क को पहचान ना सके
मनोवैज्ञानिक सामाजिक कारणों
का आभाव तलाशा और उपचार
अब तक ना हो पाया
नारी का मन ...

पुरुष मन भी भीगता
पुरुष भी पसीजता,पुरुष भी पिघलता
बस उसके मन के किसी कोने में
एक तार झनझनाने की देर
स्त्री-सम्मान , औरत का आदर
पुरुष बस इतना ही तो दूर
स्त्री अवांछनीय शारीरिक दूरी बढ़े
और यह 'दूरी' कम हो
नारी का मन ...

टिप्पणी : 
पुरुष-मन और नारी के मन के बीच फंसी नारी की वेदना अपने से बुझती और अपनों को और परायों को अपना बनाती ये नारी की वेदना



३.
Sunita Pushpraj Pandey 
~नारी व्यथा~

नारी मन की व्यथा देख
जिया रहा अकुलाय
मन में नासूर पर पैरो में झाझर
चेहरे पर मुस्कान फिर भी दिल है घायल
बन कर अदाकारा सारे जग को लुभा रही है
घर आ झूठी लोरी गा
खाली पालना हिला खुद को बहला रही है
वैधव्य की चिता पर सूनी माँग सजा
हर रोज सेज गैरो की सजा रही है
खुद से रो रही है खुद ही गा रही हैं
त्याग अबला का चोला सबला बन
गुनगुना रही है
दूसरों की आरजू को तकदीर मान
मौत नही आती बस इसलिए जीये जा रही है।

टिप्पणी :
भाग्य की विडंबना बिगड़े में कोई साथ नही देता चारो ओर सिर्फ घनघोर अंधेरा उजाले की एक किरण की तलाश में जीये जा रही है


४.
Ajai Agarwal ( आभा अग्रवाल )
 ''आज मैं दुःख को वरूँगी '''
-----------------------------
सुख दुःख दोनों मेरे अपने
सुख दुःख की निशा दिवा में
पनपे मेरा यह जीवन
झूम के नाचूं मै मयूर सी
और कभी आंसू झम झम
हंसी रूदन मेरे संग यूँ ही
छाया साथ ज्यूँ कदम - कदम
पूर्ण कहाऊं तब ही जब
हंसती रोती सी दिखती हूँ
कभी बादलों से ओझल चंदा
फिर चंदा से ओझल बादल
हंसी रुदन मेरे आंचल में
मैं इनको जीती प्रति पल
बाबुल के आंगन की चिड़िया
नाचे गाये ,धूम मचाये
सौरभ से भर दे अंगने को
उषा सांझ की लाली बिखराये
प्रिय के नेह पगे आमन्त्रण ने
तारों सी जगमग चूनर पहना दी
कुमकुम चूर्ण उड़ा कर पी ने
केसर सा जीवन महकाया
कैसा कोमल मृदु स्पंदन !
मेरे उर में धड़क रहा यह
मृदुल और हुई कुछ मैं
उदर में नन्ही परी है ; सुनकर !
पर , तुमने ये क्या कुचक्र रचाया
नन्ही कली सांस न ले पावे
मुझको ही बंधक बनाया ?
तोड़ती हूँ मैं ये बंधन ,
आज मैं दुःख को वरूँगी
ये सृजन अब हक है मेरा
राह कितनी कंटकित हों
मैं आज -अभिशापों को वरूँगी
आज मैं विद्रोहिणी -
रो लिया जितना था रोना
पोंछ आंसू धारणा की ,
जन्म लेगी बिटिया मेरी
मेरे सर का ताज होगी ,
मेरे अंगने के हिंडोले
पे इसी का राज होगा
नाचती अर खिलखिलाती
जब वो मुझे अम्मा कहेगी
दुःख सभी कपूर होगें
अश्रु दुःख ज्वाला हरेंगे ||आभा ||

टिप्पणी 
हाल ही में दिल्ली में गोविन्दपुरी में दो दिन की बच्ची को कोई फेंक गया सड़क पे ,उसी वेदना का स्वर |


५.
Prerna Mittal
~ प्रतिक्रिया ~

सभी के जीवन में खट्टे-मीठे क्षण हैं आते,
कभी - कभी कुछ अत्यंत कड़वे भी हो जाते ।
कुछ स्वीकारते, हँसते - गाते, मुस्कुराते चलते,
कुछ नकारते, रोते - झींकते, कुड़कुड़ाते जीते ।

सुख में आनंदित, दुःख में शोकाकुल होना,
यह तो प्रकृति है, सहज और अपेक्षित है ।
पर सरल नहीं है, प्रतिकूलता को अपनाना,
सभी चाहते जग को अपने अनुसार चलाना ।

चुनौती है सुख और दुःख में समरूप रहने की,
अनुमोदन कर, मुस्कान भर जीने की व जीने देने की ।
दुर्दिनों से मत घबराओ,
सौभाग्य पर ना इतराओ ।

कुसमय का करो, कमर कसकर आमना-सामना,
सुसमय पर आमोद-प्रमोद, दिल खोलकर हर्षाना ।
स्वर्ग और नर्क दोनों इसी धरती पर,
भोगते क्या, यह निर्भर है तुम पर ।

टिप्पणी : 
चित्र में एक नवयौवना ख़ुश है व मस्ती में झूम रही है वहीं दूसरे चित्र में एक युवती बेहद दुखी प्रतीत हो रही है । प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में कभी समय अनुकूल होता है तो कभी प्रतिकूल परंतु दोनों ही परिस्थितियों में उसकी प्रतिक्रिया उसके जीवन की दशा तथा दिशा निर्धारित करती है ।


६.
डॉली अग्रवाल 
~मन की कसक~

क्या सारे सपने
टूटने पर
आवाज करते है ?
क्या सारे दर्द
सिसकिया लेते है ?
क्या सारे सच
उलाहना देते है ?
मुझे नहीं लगता ------
में पायलिया बाँध
नाचती हूँ ,
अँधेरी सी राहों में ,
खुशियो को पिरोती हूँ
प्यार के धागों में
कभी - कभी खुद को
उकेरती हूँ
इन उजड़े हुऐ कोरे कागज पर ---
क्योकि
मुर्दो के शहर में जीना है
इसलिए - खुद को खुद से मिलाना है !!

टिपण्णी 
-- भटकती मृगतृष्णाये जीवन की 
हसरत फिर भी बाकी जीवन की !!


७.
नैनी ग्रोवर 
~लाडो~

पैरों में पहने पायल,
माथे पे बिंदिया सजाये,
छम-छम नाचे, बिटिया रानी,
स्वर्ग सा, घर हो जाए..

भर आँखों में, सपने सुहाने,
कजरा जब वो लगाती है,
लिए खुशियाँ, झोली में अपनी,
माँ मन्द-मन्द मुस्काती है,
अपनी चंचल हँसी से लाडो,
बाबुल की गलियाँ महकाए...

फिर आई रस्मों रिवाज़ की आंधी,
हो गई बिटिया पल में पराई,
बाबुल ने सब कुछ है लुटाया,
जब बैठ डौली में पी घर आई,
नव जीवन में धरती पाँव,
कभी शर्माए कभी घबराए...

अचानक फिर एक गाज गिरी,
दिल टूटा अँखियाँ भरीं-भरीं,
उजड़ने लगी, प्रीत की बगिया,
रहने लगी वो डरी-डरी,
करे प्रार्थना प्रभु से निसदिन,
कोई गलती, उससे ना हो जाए..

दिन रात के ताने, सोने ना दें,
दहेज़ तो देखो, क्या है लाई,
दो कौड़ी का सामान है भेजा,
कौन करे है ऐसी विदाई,
चूर-चूर हुआ नाज़ुक सा दिल,
हर पल वो तो मरती जाए..

रोते-रोते सो गई लाडो,
बांचे सपने में, बाबुल की चिठ्ठिया,
हाँ की है विदाई, तेरी मैंने,
नहीं की है दिल से पराई बिटिया,
जागी सुबह, लिए इक मुस्कान,
समेटा अपना, सब का सब सामान,
शिक्षित हूँ मैं, नहीं कमज़ोर किसी से,
क्यूँ कर कोई मुझे सताये...!!

टिप्पणी:
दहेज़ की खातिर हंसती खेलती लड़की पे ज़ुल्म, और लड़की का दर्द सहते हुए भी, एक मजबूत फैंसला ...


८.

Kiran Srivastava
(सुख-दुख)

सुख में जब तुम नाचे रे मन
दुख में आखिर रोये क्यूं.....

जीवन दुख-सुख का है अनुभव
दोनो जीवन में है संभव
सुख में जब भूले हम दुख को
फिर दुख में याद सताये क्यूं...

मेहनत लगन धैर्य अनुशासन
जीवन में बहुत जरूरी है
घडी परीक्षा की जब आयी
तब तुम आखिर सोये क्यूं.....

सुख आकर जब चला गया
तब दुख का फिर रोना क्या
इसको भी कल जाना है तो
इससे फिर घबराये क्यूं.....

सुख में जब तुम नाचे रे मन
दुख में आखिर रोये क्यूं...!!!


टिप्पणी- 
जीवन परिवर्तनशील है,सुख-दुख आनी-जानी है!
हमें सुख में बहुत खुश और दुख में हताश नहीं होना चाहिए!


९.
गोपेश दशोरा 
~तब और अब ~

मेरे पेरों की थिरकन, जो रम्भा की याद दिलाती थी,
मुस्कान मेंरे अधरों की, जो कल-कल गीत सुनाती थी।
वो दिवस जरा तुम याद करो, जब पहरो बैठा करते थे,
गीतों में मेंरों भावों को, तुम अपलक निरखा करते थे।
मेरे घूंघरू की झनकारों को, अपना जीवन माना था,
आती जाती सांसो को, तुमने ही सरगम माना था।
मेंरे भावों की आभाओं को, तुमने ही साकार किया,
मेंरे सपनों को आशाओं को, तुमने ही आकार दिया।
विश्वास पे तेरे छोड़ सभी, तुझको अपना वर माना था,
रिश्ते नातों को तोड़ सभी, मुझको तेरे घर जाना था।
क्या हुआ अचानक यूं तुमको, बेसुरे हुए सब सुर मेरे,
घूंघरू बांधे तो यूं बोला, जैसे तुमको गणिका घेरे।
मेरे जिन भावो पर रीझे, वो भाव तुम्हे अब खलते है,
रोते रहते है रात-दिवस, ये दाव कहां अब चलते है।
मोड़ के मेरे जीवन को, इस तरह से तुमने तोड़ दिया,
ज्यों फूल तोड़ के डाली से, वन में ही उसको छोड़ दिया।

टिप्पणीः 
जिन खुबियों को देख कर या पसन्द करके एक पुरूष जब किसी स्त्री से विवाह करता है, तो वे ही खुबिया बाद में परेशानी का सबब बन जाती है। एक औरत को ही हमेशा समझोता करना पड़ता है।

१०.
किरण आर्य 
.......किस्मत......

संस्कारो का लादकर बोझा
शौक को फिर मिली उड़ान
संगीत स्वरों पर थिरकता मन
आज नृत्य बना मेरी पहचान

किस्मत को सिरहाने रख
स्वप्न से किया मिलन
अपना समझ उस दैत्य को
कर दिया सब कुछ समर्पण

धोखा खा बाजारू हुआ तन
मन बेचने मजबूर हुआ अंतर्मन
रूठे गए सपने, संस्कार हुए नग्न
समाज बहरूपिया, तार तार जीवन

पुलकित हुआ सौन्दर्य मन का
मातृत्व का किया जब वरण
दुःखो की बाँध पोटली
ममता से भर ली अपनी झोली

वक्त की परछाई में
कली से बन फूल खिल रहा यौवन
बिखर जायेगी पंखुड़ियों सी
सोच कर यह हृदय कर रहा रुदन

व्यथित तन हो रहा कंपित
जिस्मफरोशी से मन आतंकित
रौंद लेगा फिर एक दानव
बिटिया के लिए माँ का मन आशंकित

पल पल मरती आत्मा उसकी
खुद के लिए घृणा का आभास लिए
चिन्ताओ का कैसे हो निवारण
जी रही वह परतंत्रता का चरित्र लिए

टिप्पणी: 
एक प्रतिभा का मजबूरी और किस्मत को समर्पण और फिर अपनी बच्ची की किस्मत में भी वही भविष्य दिखने की आशंका का दर्द

१२.
प्रतिबिम्ब बड़थ्वाल 
~अर्श से फर्श तक~

रूप की अप्सरा बन, मुद्राओ का करती चयन,
लबों पर ओढ़ मुस्कान, बाते करते उसके नयन
नृत्य तरंगित है मनोहरी, गायन का स्वर करुण
हर थाप पर नियंत्रण, रोज बिकता उसका यौवन

मर्यादा का कर उलंघन, असुर कपाल करता संचालन
मन हार झेल यातना, बस करती रोज गंगा स्नान
दुःख के भारी पर्वत, हृदय चीरते संकीर्ण उद्बोधन
नाम काम में समर्पित, रह गया याद बस संबोधन

काल खंड देते गवाही, तिरस्कृत होती शिथिल काया
प्रखर लालसा होती छिन्न, दुःखों का मंडराता साया
वेदना की असंख्य चीखें, डराती फिर उसे अपनी छाया
अंतर्चेतना की परतों पर, अंकुश लगाकर फलती माया

रुदन भाव का समावेश, कठिन फिर जीवन यापन
उतर रही अश्रु धारा, अपवित्र देह कर रही संताप
समाज से हो त्रिस्कृत, करूण स्वर फिर गुंजायमान
तहजीब हो गई निवस्त्र, नगरबधू अब बनी अभिशाप

टिप्पणी: 
वैश्यावृति के पेशे से जुड़े लोगो का एक उम्र के पश्चात जीवन दूभर हो जाता है उनके सुख और दुःख के सफर को चंद शब्दों में कहने का प्रयास किया है....


१२.
Laxmi Rawat 
~इक दिन था~.

इक दिन था
हंसती थी में
गुनगुनाती थी में
सजती थी में
सवंरती थी में
सपनों में सपनें देखती थी में
रातों को जागती दिन में सोती थी में
आज भी रातों को जागती दिन को सोती हूँ में
आज भी सजती सवंरती हूँ में
फर्क सिर्फ इतना है की
पहले खुद के लिए सजती थी मैं
पहले खुद के लिए संवरती थी मैं

आज औरों के लिए हंसती हूँ मैं
आज पेट के लिए सजती हूँ में

टिप्पणी:
रचना में मैंने दो भाव देखे पहले चित्र में एक खूबसूरती जिसमे उमंग ख़ुशी सब है ,दूसरे में भी खूबसूरती है ... खूबसूरत आँखे है मगर ढेर सारा दर्द लिए लगा जैसे वो अपने अच्छे दिनों को याद कर रही है


१३.
भगवान सिंह जयाड़ा 
----नारी तेरे कितने दर्द----

अबला तू सबला बन जा अब ,
तोड़ फेंक अब पांवों की बेड़ी ,
शक्ति रूपणी नारी कब तक ,
घिसती रहोगी यह नाजुक एड़ी ,
छोड़ दे अब उन महफिलों को ,
जहां नवाबों ने तुझे खूब नचाया ,
दे कर झांसा धन ,दौलत का ,
तेरी आबरू की दौलत को लुटाया ,
नोच दे उन कातिर आँखों को ,
जिन्होंने तुझ पर जुल्म बरपाया ,
बन कर भेड़िया जिन जालिमों ने ,
तुझ को नोच नोच कर खाया ,
हर शिशकति आहें कब तक ,
जुल्म सदा यूँ सहती रहेंगी,
इन आँखों में दर्द के यह आंशू ,
कब तक यूँ ही पोछती रहोगी ,
धर रूप चंडी का तुम कभी ,
अपनी आबरू की रक्षा करो ,
जालिम जमाने की वह निगाए ,
उन पर काल बन कर टूट पडो ,
पोंछ दे अब बिवसता के आंशू ,
कर हौसला नई जिंदगी जीने का ,
दुःख दर्द सब बिसरा दे दिल के ,
कर हिम्मत जीवन जहर पिने का ,
मन मौज और स्वछन्द जी अब ,
जगा खुद में एक दृढ शक्ति को ,

टिप्पणी 
-आज कल के माहौल को देख कर ,जहां कदम कदम पर नारी को अबला समझ कर , उस के साथ कई जुर्म हो रहे है ,यही पिरेरना पर आधारित मेरी इस कबिता के भाव है ,जिस में नारी शक्ति को जगाने का आवाहन किया है,,धन्यबाद 




१४.

अलका गुप्ता 
~~~~~~~~~
ठिठके हैं पाँव
~~~~~~~~~

इम्तेहान सख्त सा सख्त अजमाइश भी ।
जिस्म और रूह की सरसरी पैमाइश भी ।।

लेती है जायजा हर....निगाह मगरूर सी ।
कसौटी हो औरत ..ज्यूँ ...चश्मेबद्दूर सी ।।

ठिठके हैं पाँव दर पे क़ातिल नसीब के ।
चढ़ गए पायल में घुँघरू उस गरीब के ।।

देखे हैं मंजर-ए-खौफ...हर बार यहाँ ।
संदिग्ध है इंसान.. तेजाबी वार यहाँ ||

बेशब्र तिरी ही ख्वाहिशों का तमाशा बनी |
जली कभी शोलों में कभी रक्काशा बनी ||

ठिठके हैं पाँव दर पे क़ातिल नसीब के ।
चढ़ गए पायल में घुँघरू उस गरीब के ।।

कर मुआयना बेगैरत सी हैवानियत का ।
बोता है बीज .. हर बार अपने ईमान का ||

देख खुदा का नूर है....सदाओं में...उसकी ।
पहचान लो माँ को अपनी..सूरत में उसकी ।।



टिप्पणी
मैं तो कहती हूँ हर औरत की अपनी तकदीर उसके हालात केजिम्मेदार ...ये समाज है उस समाज का अपना नजरिया है ...उसको ये समाज या ख़ास कर पुरुष वर्ग अपनी ही नजर से देखता है और जो ठप्पा चस्पा करना चाहता है वही जड़ देता है ...वरना एक रक्काशा का दिल भी कितना पवित्र हो सकता है यह तो वही जानती है या उसकी मजबूरियाँ ...मेरा मानना है अंदर से औरत सिर्फ एक माँ ही है...बस उसके कुछ हालतों का जिकर ही कर सकी हूँ अपनीइस कोशिश में..


१५.
कुसुम शर्मा 
~मन की व्यथा~


मन को व्यथा बताऊँ कैसे,
इसको अब समझाऊँ कैसे !
आज जिसे धिक्कार रहे ,
कल को वो अपनाये कैसे !!

सारे नाते छूट चुके है ,
वो हमको अब भूल चुके है !
जो करते थे प्यार सदा ,
वो हमसे अब रूठ चुके है !!

दुनिया ने ठुकराया है ,
हमको कलंक बताया है !
पुरूषो की इस दुनिया मे
तन का मोल लगाया है !!

मन के अरमाँ हम क्या जाने ,
सिंदूर की किमत क्या पहचाने !
जब पाव मे घुँघरू बन्द दिये ,
चूड़ी बिन्दिया क्या जाने !!

कोई तन का मोल लगाये ,
कोई हमको बेच के खाए !
कोई हमे नचाए ,
कोई नोच के खाए !!
यही है भाग्य हमारा ,
कैसे इसे ठुकराये !!

टिप्पणी :-
एक वैश्या के मन की व्यथा जो खुद को समझा रही है कि उसकी इस दुनिया मे प्रेम वर्जित है कोई उसे अपना नही बना सकता !!



१६.
Raj Malpani 
-- औरत की गाथा--

ब्याहने की उम्र जो आई
अनजाने से ब्याह दी गयी.
एक ही रात में इज्जत लुट गयी
ता-उम्र जिसकी खातिर कैद रही.
अगले दिन ये खबर हुई..
की एक अय्याश ने मांग भरी..

मजबूरी में मैंने अपने
सभी खजाने लुटा दिए
जिस्म के भूखे हैवान को
हवस के साधन जुटा दिए
जो औरत के हक की खातिर
नारे रोज़ लगाते हैं...
भेष बदल कर अँधियारे में
वो भी अक्सर आते हैं...

यही सोच ममता का आँचल
खुद ही मैने तार किया...
पतझड़ मे जो कली खिली थी
उसको जिंदा गाड़ दिया...
लाश जिस्म की मेरी
अब भी बिस्तर पे ही सजातीं हूँ
बोझ बड़ा खलता है दिल को
फिर भी अक्सर हँसती हुँ


टिप्पणी:
मैं नहीं जानता कि सबने क्या मन में रख कर इन रचनाओ को लिखा लेकिन मेरे विचार से यह एक सशक्त विषय है. (चित्र)पहली से मेरा तात्पर्य पत्नी और दूसरी से बाहरी स्त्री या वैश्या से है... सचमुच यदि पहली में इतना आकर्षण या क्षमता हो तो दूसरी की नौबत ही क्यों आये... वैश्या कहीं बाहर से नहीं आती वो इसी समाज की उपज है उसे हीन समझना समाज की कमजोरी है





१७,
प्रभा मित्तल 

--विधना --
गौर वर्ण और उन्नत ललाट,
हाथों में बाजू बन्द शोभित
नेह सने लोचन अभिराम
चाँद सी शीतल आभा मुख पर
दृढ़ निश्चयी पावन मुस्कान
भार वेणी का उठाए, थिरकती
निर्भय उन्मुक्त और अविराम।
हँसती - खिलती थी घर-आँगन
रवि आता ज्यों लेकर विहान।

समय ने पलटा पन्ना अपना
जीवन पल में बदल गया
हो गई निर्लिप्त निर्विकार सी
होंठों से उल्लास मिट गया।
उजले थे तब, अब हुए अँधेरे
सोच रही बाला ठगी- ठगी सी
मेरे ही थे वे दिन,ये भी हैं मेरे ।

कदम - कदम पर धोखे खाए
पहचानों से भ्रम टूटे
अपनों की भी हरकत ऐसी, जो
पगडंडी की रेखाएँ तोड़ गए।
सीता सी पावन मर्यादा पर
धोबी से आरोप लगाए गए।

फिर भी एक दिन माना मैंने,ज्यों
निर्मल होकर भी नभ नीला है।
वैसे ही शायद विधना ने रची ये
रहस्यमयी प्रभु की लीला है।

आशा और निराशा दोनों ही
जीवन सरिता के दो बाजू हैं
जैसे दाहक अग्नि में तप
सोना ही कुन्दन बनता है
वैसे ही पीड़ा और निराशा की
भट्टी से मुझे पार उतरना है।
जीवन के इस रंगमञ्च पर
फिर से बनना और सँवरना है।।
--प्रभा मित्तल.

टिप्पणी
(आए दिन स्त्री को दी प्रताड़ना की खबरों से उत्पन्न निराशा का भाव।
लेकिन दुःख समेटकर रखने से तो जीवन चलनेवाला नहीं पार तो पाना ही होगा।)


सभी रचनाये पूर्व प्रकाशित है फेसबुक के समूह "तस्वीर क्या बोले" में https://www.facebook.com/groups/tasvirkyabole/

Tuesday, April 12, 2016

तस्वीर क्या बोले - तकब १ [ प्रतियोगिता ]

‪#‎तकब१‬ [ तस्वीर क्या बोले प्रतियोगिता #१ ]
मित्रो लीजिये इस समूह के पुन: शुरआत के साथ पहली प्रतियोगिता आपके सम्मुख है. नियम निम्नलिखित है 
१. इस चित्र में है दो चित्र लेकिन दोनों में सम्बन्ध स्थापित करते हुए, कम से कम ८ पंक्तियों की रचना का सृजन करे. हिन्दी के शब्दों का ही प्रयोग करिए जहाँ तक संभव हो. 
२. प्रतियोगिता में आपके भाव अपने और नए होने चाहिए. रचना को शीर्षक अवश्य दे. 
३. प्रतियोगिता एक सप्ताह चलेगी यानि १० मई २०१६ की रात्रि तक.
४. केवल अन्य रचनाओं को पसंद कीजिये, कोई अन्य बात न लिखीजाए, हाँ कोई शंका/प्रश्न हो तो लिखिए जिसे समाधान होते ही हटा लीजियेगा.
५. चयन प्रक्रिया को बीच में सूचित किया जाएगा.
६. आपकी रचित रचना को कहीं सांझा न कीजिये जब तक प्रतियोगिता समाप्त न हो और उसकी विद्धिवत घोषणा न हो एवं ब्लॉग में प्रकशित न हो.
विशेष : यह समूह सभी सदस्य हेतू है और जो निर्णायक दल के सदस्य है वे भी इस प्रतियोगिता में शामिल है हाँ वे अपनी रचना को नही चुन सकते लेकिन अन्य सदस्य चुन सकते है. सभी का चयन गोपनीय ही होगा जब तक एडमिन विजेता की घोषणा न कर ले.

इस  प्रतियोगिता के विजेता है : सुश्री नैनी ग्रोवर

१.
नैनी ग्रोवर 
~ स्पर्श ~

भाव स्पर्श का,
अब भी वही है,
बस, अहसास बदल गया..

कभी मेरे हाथ में,
तुम्हारा हाथ था,
आज तुम्हारे हाथ में,
मेरा हाथ है,
देखो तो,
सवेरा कितनी जल्दी,
रंग बदल गया...

अब डर नहीं,
के तुम गिर जाओगे,
अब, भरोसा है,
मुझको उठाओगे,
देने की जगह,
पाने की चाह में,
ढल गया...

जीवन के इस,
पड़ाव पर,
इस शरीर के,
उतार पर,
छुअन तुम्हारे
हाथ की,
सौगात लगती है
रब की ज़ात की,
खुशियाँ आज,
झोली में हैं,
कल का क्या है,
वो तो कल गया...!!


२.
बालकृष्ण डी ध्यानी
~एक छत है~

एक छत है
और वो एक कहानी है
बहती जाती वो रवानी है
संपर्क और वो एक पल का संयोग
वो छूना तेरा वो छूना मेरा
बस प्रेम था वो बस ये प्रेम है

एक छत है
और रिश्तों की वो किश्तें हैं
समय ने समय में बंटे वो हिस्से हैं
कभी स्पर्श हुआ था मेरे हाथों का
अब पकड़ा है तूने मुझे अपने हाथों में
बस प्रेम था वो बस ये प्रेम है

एक छत है
और आता है वक्त फिर लौट उसमें
दोहराने अपनी बात वो तुझ से मुझ से
बस अहसासों का वो समंदर है
डूबा है जो उस में वो ही है उभरा उस से
बस प्रेम था वो बस ये प्रेम है

३.
मदन मोहन थपलियाल 
~ 'अहसास' ~
थाम के उंगली,
न जाने क्या कुछ कह गई,
निर्झर झरने सम,
हृदयपटल में बह गई.
सपने बुनने हुए शुरू,
छोर का दूर तक पता नहीं,
कब गुजरे दिन जिन्दगी के,
वक्त कुछ लगा नहीं.
झुर्रियों भरे अहसास को थाम,
माथे में बिजली सी कौंध गई,
उलझ के रह गई भावना,
बात ज्यों की त्यों रह गई.
हकीकत से दो-चार होना ही पड़ता है,
'शैल' दिल की हर धड़कन ए कह गई




४.
प्रतिबिम्ब बड़थ्वाल 
~रिश्ता...पानी या खून ?~

"बूढ़ी माँ को
घर से निकाल रखा है
अजीब शौक है बेटे का
कुत्ते को पाल रखा है"
...... ये कही पढ़ा था..

माँ की रूह रूह में
भरा है
बच्चे के लिए वात्सल्य
उसके जन्म से लेकर
खुद के इस संसार से
अलविदा होने तक....
माँ पिता के दिल में
सिवाय ममता और
आशीर्वाद के
कुछ होता भी है कहाँ?

बुजुर्गो की
शारीरिक मानसिक शक्ति
कम होते ही
वो खून
तब क्यों पानी हो जाता है
आखिर इन्सान
अपने खून में रचे बसे
उस स्पर्श को
कैसे भूल जाता है

आज इंसान
उनके प्रति संवेदना
और सम्मान के विरुद्ध
उन्हें खुद से अलग कर
स्वयं शान शौकत को
अपनाता है
और बुजुर्गो को तब
केवल तिरस्कार मिलता है.
सच है
उम्र के आख़री पड़ाव में
यूं अकेले हो जाना
अपनों का मुंह मोड़ लेना
दुसरे पर निर्भर बुजर्गो को
तब कुंठा और
निराशा का घेर लेना
लेकिन वृद्धावस्था
कोई बीमारी नही
यह तो जीवन की अवस्था
और
हमारा ही भविष्य है

बुजुर्ग तो
अतीत के प्रतीक
और है अनुभव के भंडार
दया नही
श्रद्धा उनके प्रति, है हमारे संस्कार
वृद्धावस्था को
उनकी सुखी बनाए, ऐसे हो विचार
संवेदना भर स्वयं में,
सम्मान कर, करे उनका आदर
हाथो में हाथ लेकर उनका
सेवा भाव का देकर परिचय
उनकी सेवा अभिशाप नही
है कार्य पुण्य का



५.

किरण आर्य
~रिश्तों का सच~

स्नेह प्रकृति का हिस्सा है
अपनत्व इसमें रचा बसा है
जीवन चक्र घूमता
स्नेह के इर्द गिर्द
हाथ थाम एक दूजे का
चलते है रिश्ते

कुछ लौकिक कुछ अलौकिक से
कुछ जन्म से है हाथ थामे
कुछ हमने जो जाने पहचाने
थाम कर जिनकी ऊँगली
उम्र के हर पड़ाव तक जीवन
गिरता है संभलता है चलता है

उसका चलना
बहती नदी के संगीत सा
उसके चलने में बसा है
कलरव पक्षियों सा
उसका चलना करता
जीवन को गुंजायमान

पहले यूं चलना ही
मुक्ति की राह करता प्रशस्त
पहले चलता था जीवन
बचपन में वयस्कों की
ऊँगली थाम कर
उम्र के अंतिम पड़ाव पर
थाम लेता था उसी हाथ को वो

समय बदला मिजाज़ बदले
और बदल गई फिर फितरत उसकी
बदल गया मन और जीवन
थाम लेते थे जो हाथ बचपन को
वहीँ हाथ जब चाहते साथ
खाली रह जाता उनका बढ़ा हाथ
हाथ को न मिलता साथ



६.
अलका गुप्ता 
~~~बस एक चाह~~~


मुठ्ठियों ने नन्ही नन्हीं
जकड़ लिए थे अहसास
भींच लिए थे ममत्व जाल में
सारे क्रिया कलाप ||

तन मन का हिस्सा थे तुम |
मेरे बच्चे..तेरे हित..मेरे आस !
मात-पिता हम कहलाए ...
समझ स्वयं को बड़ भाग ||

नन्हे नन्हे डग ये चल कर..
नाम कमाए..दौलत का भंडार |
बस एक चाह थी..जीते तू...
जग सारा...यह संसार ||

आज से नहीं थे कोई ..
मेरे भाव लाचार |
एक चाह उमड़ी है ..बस
अंत समय. हो तेरा साथ ||

सशक्त हाथ...थाम मुझे ...
सुला दें .धर काँधे अर्थी मेरी
चिता की..चिर शैय्या पर
सुखद निद्रा साथ ||



७.

डॉली अग्रवाल 
~ममता का मोल~

तेरे नन्हे हाथो ने जब मुझे छुआ
मन के कोने से निकली दुआ
ऐ मेरे मौला
करम तू करना , इस फरिश्ते पर
पीड़ा जो हमने झेली वो इसका नसीब ना हो
बस सुकून ही सुकून बरसे , दिल खुशियो से भरा रहे ...
बस ये खवाहिश है दिल की --
कल जब झुकने लगु तो --लाठी तुम बन जाना
मैंने सर्वस्व वारा तुमपे , बस कुछ लम्हे हमे देना तुम ....
बुढ़ापे में हमें अपना लेना तुम



८.

ज्योति डंगवाल 
~तुम्हारे साथ~

मेरे अंश
जब छुये तूने
अपने नर्म हाथों
मेरे मेहनतकश हाथ
फिर जगी एक तमन्ना
करूँ कोई भी जतन
तुझे हो कभी कोई कमी ना
भरे जब डग तेरे कदम
तू गिरे न थाम लूँ मैं हरदम
तेरी बुलंदी को हाथ मेरा उठता
खोती हूँ मैं जब यादों की प्राचीर
याद आता है मुझे हर बार
माँ तुम्हारे हाथों की छुअन
घेर बाँहों का आलिंगन
मेरे लिए किये सज़दे हज़ार
मिंट में लिपटा हुआ प्यार
तुम्हे छोड़ हम
हुए नीड़ के पंछी
आओ छोड़ के अब
दो मुझे फिर सुवास
फिर अपने हाथो को
मेरे हाथों में थमा दो
कल तुम घुमाते थे मुझे
आज मुझे वो लम्हा चुराने दो
असल में जी रही हूँ घुटती साँसों तले
जी लूँ मैं कुछ पल कककहे जो तेरे लगे
समेटे हुए कुछ सुखद अहसास
मेरे कल और आज तुम्हारे साथ ...


९.
Raj Malpani

~~~ वो हाथ ~~~

आज पकड़ इन हाँथों को सिखा है बहोत कुछ ......

इन हथ को पकड़ चलना सिखा है तुमने
इन हाथ से गोद में उठाया है तूजे
इन हाथो से ही खिलाया है तूजे
इन हाथो से ही पिठा है तूजे
इन हाथो से ही आशीर्वाद दिया है तूजे
इन हाथो ने ही आगे बड़ने का हौसला दिया है तूजे
पर आज वही हाथ ....... कमज़ोर होने लगे है
उमर भर बस तेरी ही परवरिश करते करते ये हात झुकने लगे है
अब है तेरी बारी जितना थमा था तुमने इस हाथ को
बस चौथाई वक़्त बीता देना ....... इस बुढ़ापे को सँवर देना तुम


१०.

Kiran Srivastava 
"कर्त्तव्य"
_-_-_-_-_-_-_-_-_-_-_-_-_-_-_-_-

अंगुली थामें चलना सिखाया
जीवन का हर पाठ पढाया
अच्छे बुरे का भेद बताया
संस्कार का बीज रोप कर
जीवन को समृद्ध बनाया
माँ बाप ने फर्ज निभाया !!!!

अब अपनी बारी है आयी
उनकी वृद्धावस्था आयी
जिन हाथों ने दिया सहारा
उन हाथों को थामें रखना
देते दुआ नहीं ये थकते
सच इनमें हैं ईश्वर बसते
इनको न असहाय बनाये
सेवा सहानुभूति दर्शाये
जीवन के अन्तिम पडाव में
खूब प्यार और ध्यान लुटाये
सभी यही सोच अपनाये
वृद्धाश्रम में ताला लगवायें!!!!



११

प्रजापति शेष 
~मेरी चाहत~

जब मैं सोता था,
माँ जगती थी रातों में,
खो जाता हूँ,
अक्सर उन बातों में,
फिर निकल नही पाता,
उलझ जाता हूँ
स्वप्निल रास्तों में,
एक एक परते खुलती है
सुनहरे जंगल की,
मैं खो जाता हूँ

जड़ों में ,फूलों में,
फलों में ,पातों में
इन हाथों की पकड़
तब भी मैं चाहता था
शेष आज भी है
मेरी चाहतों में,



१२.

मीनाक्षी कपूर मीनू 
~स्नेहिल रिश्ता ~
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,

रिश्ता ,,
मेरे खून का
रिश्ता ,,,
मेरे गरूर का
प्यारा सा ,,
तुतला कर बोला
माँ ,,,
बस शरू हो गया
सफर ,, वात्सल्य का
सहला कर
नन्हे हाथों को
चलना सिखाया
अहसास क्या होता है
अहसास करवाया
संस्कार दिए
रीति रिवाज़
त्योहारों से
आत्मसात करवाया
धीरे धीरे
रिश्तों की छाँव में
पल कर तुम
बढ़ते गए
और हम भी ,,
वक्त ने पलटा खाया
तुम्हारे कोमल हाथ
हमारे बन गए
और ,,,,
हमारे सिकुड़ने लगे
हल्की हल्की
झुर्रियों से
सब बदला
लगा कहीं तुम भी
न बदल जाओ
मगर ओ मेरे खुदा ( प्रभू )
मेरे प्यार की छाँव
में पला बढा रिश्ता
आज रिश्ते निभाना
जान गया ,,
थाम मेरे हाथ
इस कलयुग के
मंजर में
सतयुगी स्नेह
बरसा गया
जीते रहो
मेरे बच्चे ,,,
खुश रहो ,,
बस अब कोई
गम नहीं
मनस्वी ,,
मैं ,,, तुम में
और
तू ,,, मुझ में
समा गया ,,,
समर्पित,,,
स्नेह भाव को ,,
सकार भाव को ,,


१३.

Pushpa Tripathi 

~रिवाजों का चलन~

मैंने मुद्दत से अपनी माँ

का हात नहीं छुआ

मगर हात माँ के मेरे

लिए दुआ माँगती है .. !!

फरिश्ता हुआ करती है माँ

दिल को छूआ करती है माँ

मैं कितना ही दूर हो जाऊं

ख्याल मेरा रखती है माँ ...!!

**************************

बच्चे सब बड़े हो गए

परिवार एक साथ

अब , कहीं दूर हो गए

बदलने लगे अब साझा चूल्हे का रिवाज़।

दौलत की हबस ने

माँ बाप को छोड़कर

बच्चों के मन ने कर लिया हिसाब

बुजुर्गों का हाथ पकड़

साथ रखने का रिवाज़

जो चलन था ..... बँट रहा !!



१४.

दीपक अरोड़ा 
### थामे रखूंगा तेरा हाथ ###

पहले थामा तूने
अब मैं थामू तुझे
तू है मेरा पालनहार
ये गर्व है मुझे
वक्त बदले पर न बदला
ये रिश्ता हमारा
पहले तू था मेरा
अब मैं तेरा सहारा
तेरी परछाई बनकर
चलूंगा तेरे साथ
न दूर जाउंगा पल भर को
थामे रखूंगा तेरा हाथ


१५.

भगवान सिंह जयाड़ा
----ममता का कर्ज--
----------------------------
नहीं भूला तेरे हाथों का वह स्पर्श,
जिन हाथों ने मेरी उंगली थामी थी,
हाथ नहीं वह ,जन्नत थे मुझ को,
जिस में मेरी हर खुशी समाई थी,
अब सायद थक गए हाथ तेरे माँ,
उस जन्नत का बोझ उठाते उठाते,
बहुत थक गई अब तू सहारा देते देते,
तेरे बुजुर्ग हाथों का सहारा बन जाऊं,
यूँ ममता का कोई मोल तो नहीं होता,
पर हाँ ममता के बदले ममता दे जाऊं,
हाथ तेरा सदा रहे सिर पर मेरे यूँ ही,
चाहे मैं आसमा को भी क्यों न छू लूँ,
तेरे हाथों की दी हुई इस जन्नत में माँ
तेरी ममता की मूरत मैं कभी न भूलूँ,

१६.
प्रभा मित्तल 
प्रभा मित्तल
~~~सम्बल~~~

पाकर प्रथम स्पर्श तुम्हारा
भूल गई मैं दुःख सारा,
आँचल में समेटे क्षीर-सिंधु
औ सीने में ममता की धारा।
नयनों में भर नेह प्रबल
बिसराया मैंने जग सारा।

बे-बात बिन आँसू के रोना
और मन्द-मन्द मुस्काना
जाने किन सपनों से डरकर
सिहर - सिहर जग जाना
नन्हीं मुट्ठी में कस आँचल
गोदी में सिमट-सिमट जाना।

तन कर रहने की कोशिश में
ठुमक-ठुमक कर चलना और
मेरी अँगुलि का सम्बल ले
गिर -गिर कर उठ जाना।

तुम्हारी भोली क्रीड़ाओं ने
मन मोह लिया था मेरा।
मेरे आँगन गूँजी किलकारी
डाला था खुशियों ने डेरा।

मखमल से कोमल मन में
मेरा अटल विश्वास समेटे
जाने तुम कब बड़े हो गए
मैंने ये भी न पहचाना।

चाहा मैंने क्षितिज छुओ तुम
उड़ो गगन में पंख लगा कर
ले अपने सपनों की गठरी
उन राहों पर बढ़ते जाओ,
उन्नति को सोपान बनाकर
सुयोग्य बनो और यश पाओ।
सतरंगी रंगों से भर अपने
श्रेयों से जीवन महकाओ।

आज जमाना वहाँ खड़ा है
जहाँ हमने ही पहुँचाया है
यादें रह जाती हैं झोली में
दिन महीने गिनते-गिनते
वक़्त बेरहम निकल जाता है।

नहीं कूकती कोयल यहाँ अब
काक -पिक नहीं शोर मचाते
नहीं गूँजते भ्रमर भी क्योंकि
ध्रुपद-मल्हार तुम नहीं सुनाते।

आकुल मन राह तुम्हारी
ताक रहा है,कब आओगे -----
जीवन-मरु में फिर बहे
वो बासन्ती बयार कब लाओगे ?

ये मन आज अकेला है
अब सन्ध्या की बेला है
चाहत बस कुछ और नहीं ,
जी भर देख सकूँ तुमको
कुछ पल साथ बिता लेना,
शिथिल हो रहे तन-मन पर
नेह का मरहम लगा देना।
और चला-चली में होऊँ जब
अपने हाथों की मजबूत पकड़ से
मेरे बूढ़े हाथों को थाम,
वैतरणी पार करा देना।



१७.
कुसुम शर्मा
~ तु क्यों बदल गया ~
--------------
तेरी नन्हीं-नन्हीं
अंगुलियों को पकड़ कर
चलना सिखाया जिसने
आज क्यों ?
उन्हीं हाथो को ठुकराया तूने
जिसकी पनाह में बचपन बीता
तेरी हर इच्छा पर उनका जीवन बीता
आज क्यों ?
इतना बेबस हुआ
जो उन्हें थाम न सका
जिनकी हर सुबह और रात
तेरे और तेरे सपनों के साथ
आज क्यों ?
उन से तू अंजान हुआ
तेरे सपने पूरे होते ही
तू क्यों बेजान हुआ
जिस ने न्योछावर किया
अपना सारा जीवन
आज उसी को तूने
क्यो बेबस और लाचार किया
तेरे सुख के लिए दुख उठाये जिन्होंने
आज अपने सुख के लिए वृद्धाक्षम बनाये तूने
क्यो तू उनका तिरस्कार करे
जो बोयेगा वो काटेगा
तेरा आने वाला पल
भी ये जाँचेगा
जिसने थामा तुझे निस्वार्थ से
आज तू भी थाम हाथ उसी भाव से !!


१८.

रोहिणी शैलेन्द्र नेगी
 "कोमल स्पर्श"
वो पल बार-बार आता है,
आँखों को चैन दिलाता है,
यादों में रम-सा जाता है,
उँगलियों का कोमल स्पर्श,
पुतलियों को छलकाता है ।
थी पहले मैं अपरिचित,
कुछ भी न था निश्चित,
आशाओं का लबादा ओढ़े,
कर लिया था सुनिश्चित ।
आँचल में छुपाए रखा,
सीने से लगाये रखा,
लोगों की नज़रों से सदैव,
तुझको बचाये रखा ।
आज प्रतिफल दिख रहा है,
साथ तू जो अब खड़ा है,
है वही स्पर्श कोमल,
धमनियों के संग जुड़ा है ।
मैं निरीह-जर्जर सही,
फिर भी मुझे सहलाता है,
बस यही अद्भुत स्पर्श,
ममत्व का बोध कराता है ।


१९.
Ajai Agarwal 
''अभिलाषा ''
-------------
प्रेम यौवन का नव स्वर्ग
सृजन अहसासों का
मृदुल हथेली की इस छुवन में
मौन मुखरित प्राण पुलकित
नन्ही सी ये हथेली
अहसासों की अनमोल पोटली
माँ-पिता ही सृजनकर्ता ;
अर्थ इसका अब मैं जानी
है यही अभिलाष मेरी -
उम्र की सीढ़ी चढ़ें वो ,
हो हिचकियों से हिलकोर तनमन
हाथ थामें परिवार उनका
पर -पर हम कभी ये ना जताएं -
हाथ उनका हमने है थामा
कि ,अब
तुम हो हमारे आश्रितों में
है यही अभिलाष मेरी
हर शिशु ये धारणा ले
पितु मात को अहसास ये दे -
क्या हुआ जो क्षीण काया
अनुभवों की शक्ति तुम हो
हौसला तुम ही हमारा
विश्वास और संस्कार तुम से
एक ये अभिलाष सबकी ,
पितु मात का संबल बनेगी
आज भी मेरी हथेली
झुर्रियों वाले हाथों में होगी
बुजुर्ग फिर बेघर न होंगे



सभी रचनाये पूर्व प्रकाशित है फेसबुक के समूह "तस्वीर क्या बोले" में https://www.facebook.com/groups/tasvirkyabole/